सतना। नयाइंडिया चित्रकूट में कार सवार युवती और उसके साथी की गोली मार कर हत्या करने के आरोपी ने बुधवार को पुलिस के सामने आत्म समर्पण कर दिया। सतना पुलिस पिछले तीन दिनों से आरोपी की तलाश में खाक छान रही थी लेकिन आरोपी उसके हाथ लगने के बजाय खुद ही सीधे थाना जा पहुंचा। प्राप्त जानकारी के अनुसार सतना शहर के सिविल लाइन थाना अंतर्गत विराट नगर में रहने वाले स्कूल संचालक एवं वकील पुष्पराज सिंह ने दोहरे हत्याकांड के मामले में बुधवार को सरेंडर कर दिया। आरोपी खुद ही वकील के साथ सफेद रंग की कार में सिविल लाइन थाना पहुंचा और टीआई एसएम उपाध्याय के चेम्बर में पहुंच कर उसने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी वकील पुष्पराज सिंह को हिरासत में ले लिया है। बताते हैं कि आरोपी पहले सीधे अदालत पहुंचा था और फिर वहां से अपने वकील के साथ थाना आया। गौरतलब है कि सतना जिले के नयागांव थाना इलाके के रजौला में 17 जनवरी को प्रिया सिंह निवासी विराट नगर एवं शराब कंपनी के कर्मचारी अनुज दीक्षित निवासी हमीरपुर की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। प्रिया और अनुज कार पर सवार थे तभी इनकी गाड़ी का पीछा कर के दोनो को गोली मार दी गई थी। प्रिया के परिजनों ने विराट नगर स्थित ग्लोबल कान्वेंट स्कूल के संचालक एवं अधिवक्ता पुष्पराज सिंह पर हत्या का आरोप लगाया था। पुष्पराज सिंह हत्या के बाद से गायब था। इस बीच चित्रकूट में एक पार्षद के घर से उसके असलहे पुलिस ने बरामद किए थे।

Home
Unlabelled
चित्रकूट दोहरे हत्याकांड के आरोपी का सरेंडर
चित्रकूट दोहरे हत्याकांड के आरोपी का सरेंडर
Share This
About santosh